Friday, November 16, 2007

सूबे में अब निखरेगी महिला खेलों की सूरत

देहरादून। सरकार महिला खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं को नायाब तोहफा देने जा रही है। 2009 में राजधानी में प्रदेश का पहला ग‌र्ल्स स्पो‌र्ट्स कालेज प्रारंभ हो जाएगा। इसके साथ ही महिला एथलीटों के लिए दो हास्टल भी खुलेंगे। उम्मीद की जा रही है कि सरकार के इस कदम से राष्ट्रीय स्तर पर महिला खेलों में उत्तराखंड की धमक बढे़गी।

महिला खेलों में उभरती प्रतिभा निखारने की दिशा में सरकार ने ठोस पहल करने का निर्णय लिया है। बालकों की तर्ज पर ही अब बालिकाओं को भी खेलों के नए गुर सीखने का मौका मिलेगा। उनके लिए भी स्पो‌र्ट्स कालेज बनाया जा रहा है। राज्य बनने के बाद विभिन्न खेलों में बालिकाओं ने सूबे का नाम रोशन किया है। उनके लिए अलग से स्पो‌र्ट्स कालेज नहीं होने से प्रतिभावान खिलाड़ियों को निखारने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। केंद्र सरकार की संस्था साई ने दून में एमकेपी कालेज में महिलाओं के लिए खेल हास्टल स्थापित किया था पर लेकिन कालेज प्रबंधन के भवन देने से हाथ खींचने से उक्त हास्टल बंद हो चुका है। सरकार ने अब इस कमी को पूरा किया है। रायपुर में स्पो‌र्ट्स कालेज में ही महिलाओं के लिए भी अलग से कालेज स्थापित किया जाएगा। इसकी स्थापना पर 20 करोड़ अनुमानित व्यय होगा। ब्वायज कालेज की तर्ज पर ही ग‌र्ल्स कालेज में भी बालिकाओं को नि:शुल्क शिक्षा के साथ खेलों का प्रशिक्षण भी मिलेगा। उसी तर्ज पर प्रदेश की प्रतिभाशाली बालिकाओं के लिए प्रवेश की व्यवस्था की जाएगी। कालेज में छठवीं से 12वीं तक कक्षाएं लगेंगी। एथलेटिक्स में भी महिला प्रतिभाओं को आगे लाया जाएगा। इसके लिए बाकायदा राज्य में दो महिला एथलेटिक्स हास्टल खोले जाएंगे। पहली बार खोले जा रहे इन हास्टल में 25-25 महिला एथलीटों के रहने की व्यवस्था होगी। दून में स्पो‌र्ट्स कालेज परिसर में ही यह हास्टल भी होगा। दूसरा हास्टल अगस्त्यमुनि में स्थापित किया जाएगा। खेल सचिव राकेश शर्मा के मुताबिक सरकार के इस कदम से भविष्य में प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर चमकने के अधिक अवसर मिलेंगे। ग‌र्ल्स स्पो‌र्ट्स कालेज व महिला हास्टल वर्ष 2009 से प्रारंभ कर दिए जाएंगे। स्पो‌र्ट्स कालेज के भवनों में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के हटने के बाद वहां महिला हास्टल की व्यवस्था की जाएगी।

यही नहीं, स्पो‌र्ट्स कालेज में आईटी शिक्षा भी प्रारंभ की जा रही है। इससे अभी बालकों और बाद में बालिकाओं को भी दोहरा फायदा होगा। कंप्यूटर शिक्षा के साथ ही कंप्यूटर के माध्यम से खेलों की नई तकनीक सीखने का मौका खिलाड़ियों को मिलेगा। खेल सचिव के मुताबिक उक्त स्पो‌र्ट्स कालेज को स्पो‌र्ट्स नालेज सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस सेंटर पर खेलों और उनके आयोजनों से संबंधित आवश्यक जानकारी मिलेगी। कंप्यूटर शिक्षा अगले सत्र से शुरू की जाएगी।

http://in.jagran.yahoo.com/news/local/uttranchal/4_5_3909976.html

विश्व गुरू के पद पर सिरमौर भारत का ताज है उत्तराखंड

गोपेश्वर (चमोली)। भगवान बद्रीविशाल की धरती पर शुरू हुए सात दिनी गौचर मेले में मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूडी ने कहा कि विश्व गुरू के पद पर सिरमौर भारत का ताज उत्तराखंड है, जिसके वैभव को शक्तिशाली रूप प्रदान कर बरकरार रखा जाएगा।

गौचर में मेले के उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी ने उपस्थित जनता के समक्ष बगैर घोषणाएं व विकास योजनाओं की चर्चा किए ही सबका दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकार के दौरान हुए घोटालों व अनियमितताओं की अप्रत्यक्ष रूप में चर्चा करते हुए ठेठ गांव में रहने वाले लोगों को विकसित राज्य का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में मंत्री रहने के बाद मुझे भले ही राज्य की बागडोर सौंपी गई, लेकिन इसे निभाने में सकारात्मक जनसहयोग, सुझाव नितांत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि 'मुख्यमंत्री रहते हुए मैं कतई नहीं चाहूंगा कि मेरी कार्यशैली का प्रभाव आम जनता पर पड़े, ऐसे में जनता के सुझाव विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए नितांत आवश्यक हैं'। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को भारत का विकसित राज्य के साथ संस्कारवान व सांस्कृतिक पहिचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य विकास के लिए निर्णय लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जानबूझकर कोई जनविरोधी निर्णय नहीं लिया जाएगा और आंदोलनकारियों के सपनों को ध्यान में रखकर राज्य के विकास को नई गति दी जाएगी।

http://in.jagran.yahoo.com/news/local/uttranchal/4_5_3907713.html

विज्ञान कांग्रेस में बाल विज्ञानियों ने दिखाई प्रतिभा

गोपेश्वर (चमोली)। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला स्तरीय सेमीनार का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि डीएफओ सनातन ने कहा कि जैव विविधता के संरक्षण में युवा पीढ़ी अहम भूमिका निभा सकती है।

राजकीय बालिका इंटर कालेज में आयोजित जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस सेमीनार को संबोधित करते हुए प्रभागीय वनाधिकारी सनातन ने कहा कि जैव विविधता का संतुलन जीव-जंतुओं के लिए आवश्यक है। इसे जिम्मेदारी के साथ संरक्षित व संतुलित रखना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने जैव विविधता की विस्तृत जानकारी देते हुए बाल वैज्ञानिकों को अपनी सोच को खुलकर सामने रखने की बात कही। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम बल्लभ भट्ट ने कहा पर्यावरण को संरक्षित रखना आज के दौर में किसी चुनौती से कम नहीं है। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों से कहा कि वैज्ञानिक सोच के साथ समाज का विकास नितांत आवश्यक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी माधवनंद पुरोहित ने कहा कि बचपन से ही वैज्ञानिक सोच तलाशने तथा विकसित करने के उद्देश्य से बाल विज्ञान कांग्रेस की स्थापना की गई है, जिसके बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। बाल विज्ञानियों ने अपने मॉडलों के जरिए प्रतिभा का बखूबी प्रदर्शन किया। बाल विज्ञानियों ने जैव विविधता के सरंक्षण के लिए कई बेहतरीन मॉडल प्रदर्शित किए। इस दौरान अतिथियों ने सीनियर वर्ग के 22 व जूनियर वर्ग के 17 प्रतिभागियों की परियोजनाओं का निरीक्षण कर बाल विज्ञानियों की सराहना की। कर्णप्रयाग, थराली, नारायणबगड़, पोखरी, दशोली, घाट, गैरसैंण, जोशीमठ आदि क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों में से 3 जूनियर व 3 सीनियर वर्ग से मॉडलों का चयन राज्य बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए किया जाएगा।

http://in.jagran.yahoo.com/news/local/uttranchal/4_5_3910152.html

ग्रामीणों, यात्रियों व पुलिस में संघर्ष

जोशीमठ (चमोली)। क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मारवाड़ी पुल के पास जाम लगाए थैंग गांव के ग्रामीणों, यात्रियों और पुलिस के बीच जमकर संघर्ष हुआ। गुस्साई भीड़ ने पुलिस कर्मियों से डंडे छीन लिए और थानेदार की टोपी पटक कर स्टार भी नोच डाले। संघर्ष में महिला ग्राम प्रधान समेत तीन लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ भर्ती कराया गया है।

आज पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार थैंग गांव के लोग जोशीमठ तहसील के मारवाड़ी पुल के समीप सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा बिजली की मांग को लेकर 'चिनाप विकास संघर्ष समिति तथा उत्तराखंड जनकरवां मंच' के बैनरतले प्रात: 8 बजे जेपी कंपनी के गेट के सम्मुख बदरीनाथ राजमार्ग पर बैठ गए। इस दौरान उप जिलाधिकारी जोशीमठ निधि यादव तथा थानाध्यक्ष जवाहर सिंह रठौर मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया किन्तु जिलाधिकारी के मौके पर बुलाने की मांग पर आड़े ग्रामीणों ने जाम नहीं खोला। इस दौरान बदरीनाथ के दर्शन के लिए जा रहे सैकड़ों यात्री जाम में फंसे रहे। उन्होंने ने भी छोटे बच्चों और बूढ़े श्रद्धालुओं का हवाला देते जाम खोलने का आग्रह किया किन्तु ग्रामीण टस से मस नहीं हुए। इसी बीच भीड़ में से किसी ने सिपाहियों के हाथ से डंडा छीन कर ग्रामीणों पर बरसना शुरू कर दिया और भगदड़ के साथ पूरा घटनाक्रम संघर्ष में बदल गया। तीनों तरफ से हुए संर्घष में यात्री जहां जान बचाकर भागने लगे, वहीं पुलिस ने भी मामला बिगड़ते देख आंदोलनकारी नेताओं को उठाकर चौकी पर बिठाना शुरू कर दिया। संघर्ष में कृपाल सिंह ,भरत सिंह और ग्राम प्रधान बसंता देवी घायल हो गई उन्हें प्रशासन नें स्वास्थ्य केन्द्र जोशीमठ में भर्ती करा दिया है। दोपहर 12 बजे जाम में फंसे वाहन किसी तरह निकल गए, लेकिन बाद में गुस्साए ग्रामीणों ने एक बार पुन: जाम लगा दिया। पूरी घटना क्रम में सिपाही के हाथ से डंडे छिनकर फेंके जाते रहे, जबकि थानेदार की टोपी को भी कुचलने के अलावा भीड़ ने उसके स्टार भी नोच डाले। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर डीएम डीएस गब्र्याल मौके पर पहुंचे जहां उन्होंने जाम स्थल पर ही ग्रामीणों से वार्ता करने के उपरांत उनकी मांगों पर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। जिस पर ग्रामीण शांत हुए किन्तु समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण एसडीएम के अविलंब तबादले तथा थानेदार के निलंबन की मांग पर आड़े थे और पूरे क्षेत्र में तनाव था।

http://in.jagran.yahoo.com/news/local/uttranchal/4_5_3910150.html

प्रशासन की लापरवाही से हुआ बवाल

जोशीमठ (चमोली)। बदरीनाथ मार्ग पर मारवाड़ी में हुए संघर्ष के पीछे पुलिस प्रशासन की लापरवाही नजर आती है। यह तो गनीमत थी कि मामला भारी तनावपूर्ण होने के बाद भी स्वत: ही शांत हो गया, नहीं तो शांत पड़े पहाड़ी क्षेत्र में चार धाम यात्रा के अन्तिम दिन बड़ी अप्रिय घटना हो सकती थी।

थैंग गांव के ग्रामीणों ने प्रशासन को पूर्व में ही लिखित तौर से राजमार्ग पर जाम लगाने की सूचना दे दी थी और प्रशासन को यह भी मालूम था कि आज ही बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने है। यह जानते हुए भी कि जाम स्थल से ही होकर तमाम वीआईपी और श्रद्धालुओं का तांता लगा रहेगा, ऐसे में प्रशासन ने यदि सूझबूझ का परिचय दिया होता तो आंदोलनकारी नेताओं से एक रोज पूर्व ही वार्ता की जा सकती थी। बीते रोज गुरूवार को हेलंग में उर्गम वैली के ग्रामीणों ने भी जाम लगाया गया था। उप जिलाधिकारी निधि यादव को भी मालूम था कि थैंग गांव के ग्रामीणों का नेतृत्व कामरेडों के हाथ में है। अब यदि घटनाक्रम पर नजर डालें तो करीब दो घटे तक जाम स्थल पर एसडीएम व क्षेत्र के थानेदार ने सिवाय एक-दो वार्ताओं के ग्रामीणों के साथ मामले के सुलझाने के लिए गंभीरता पूर्वक प्रयास नहीं किए। यह सच है कि ग्रामीण डीएम को मौके पर बुलाने की जिद पर आड़े थे लेकिन यदि स्थानीय पुलिस व प्रशासन के अधिकारी चाहते तो सूझबूझ और विवेक का परिचय देते हुए जाम खुलवा सकते थे। ग्रामीणों का आरोप है कि एसडीएम ने समय का अभाव बता शीघ्र जमा खोलने का दबाव बनाया। अलकनंदा नदी के ऊपर बने पुल के ऊपर जिस दौरान भगदड़ मची उससे कई यात्री नीचे भी गिर सकते थे। भीड़ में से जिन लोगों ने पुलिस से लाठियां छिन धक्का-मुक्की करते हुए ग्रामीणों पर बरपानी शुरू की वह तो निकल गए, लेकिन ग्रामीणों की भीड़ का खामियाजा पुलिस को भुगतना पड़ा। चौकी के भीतर ही थानेदार जेएस राठौर आधे घंटे से भी ज्यादा मामला गरम होते हुए देख बैठे रहे, जबकि भीड़ उन्हे बाहर खींच पिटने के इरादे में थी। इस पूरी घटनाक्रम में सर्वाधिक लापरवाही यह नजर आयी कि जाम की सूचना के बावजूद थानेदार राठौर मात्र चार सिपाहियों को लेकर मौके पर मौजूद थे। बाद में घटनाक्रम के बाबत एसडीएम निधि यादव का कहना था कि ग्रामीणों की हठधर्मिता के कारण यह स्थिति उपजी है। उन्होंने कहा कि वह उनकी बात सुनने को तैयार थी लेकिन ग्रामीण डीएम को मौके पर बुलाने की जिद में थे। इधर जोशीमठ नगर पालिका अध्यक्ष माधवी सती और कामरेड अतुल सती ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने ही यात्रियों को मारपीट के लिए उकसाया। इधर जिलाधिकारी डीएम गब्र्याल ने घटना के बाबत बताया कि तीन चार ग्रामीणों को चोटे आई है, जबकि थानेदार के निलंबन की मांग पर वह पुलिस के बर्ताव पर जांच करवा रहे है। जिस व्यक्ति ने लाठी चलाई उसे डीएम के निर्देश पर बदरीनाथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों ने उसे जोशीमठ क्षेत्र का ही व्यक्ति चिन्हित करते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। जिस पर जिलाधिकारी ने कार्यवाही के आदेश दिए है। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति अथवा पक्ष को बख्शा नहीं जाएगा।

http://in.jagran.yahoo.com/news/local/uttranchal/4_5_3910149.html

बाल सम्मेलन में भाग लेने बच्चे उड़ीसा रवाना

Nov 17, 02:36 am

अल्मोड़ा। बाल मजदूरी के खिलाफ उड़ीसा में 20 नवंबर से शुरू होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में भागीदारी को 14 बच्चे शुक्रवार को उड़ीसा को रवाना हुए। अमन संस्था के संचालक रघु तिवारी ने बताया कि सम्मेलन में विभिन्न प्रांतों में बाल मजदूरी, बाल अधिकारों व उनसे संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जायेगी। इन 14 बच्चों में राजकीय इंटर कालेज कमलेश्वर, इंटर कालेज दौलाघट, चौखुटिया, उत्तरकाशी व अल्मोड़ा में बाल मजदूरी कर रहे बच्चे शामिल है। उक्त बच्चों का चयन अमन संस्था द्वारा अल्मोड़ा में आयोजित एक कार्यशाला के दौरान किया गया।


http://in.jagran.yahoo.com/news/local/uttranchal/4_5_3910029.html



Wednesday, October 24, 2007

साहस : बाघ से भिड़ा ग्यारह वर्षीय विमल

रुद्रप्रयाग। ग्यारह वर्षीय विमल अदम्य साहस का परिचय देते हुए बाघ के बीच चली जोर आजमाइश से अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन वह अपने घोड़े को नहीं बचा सका।

यह घटना उस समय की है जब राजपाल ग्राम लौहार कुरझण निवासी का पुत्र विमल जंगल में अपने घोड़े के साथ गया हुआ था। बाघ ने मौका देखकर घोड़े पर धावा बोल दिया। इतने में पास में खडे़ ग्यारह वर्षीय विमल ने बाघ पर पत्थरों से हमला बोल दिया। जंगल के राजा को यह मंजूर नहीं था, वह विमल की ओर दौड़ पड़ा, लेकिन इसके बाद भी उसने हिम्मत नहीं हारी ओर बाघ पर पत्थरों से लगातार हमला करता रहा। इतने में गांव के लोग आवाज सुनकर वहां पहुंच गए और बाघ ने हार मानकर चले गया। विमल के पिता राजपाल ने बताया कि पुत्र को निकटवर्ती चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। उसे कुछ चोट भी आई है। उसने कहा कि घोड़ा उनकी जीविका का साधन था, इस घटना से उसकी आर्थिकी भी ठप पड़ गई है। वहीं क्षेत्र के लोगों ने इस बालक के अदम्य साहस को देखते हुए इसे पुरस्कार देने की मांग जिला प्रशासन से की है।

http://in.jagran.yahoo.com/news/local/uttranchal/4_5_3849414.html