Friday, November 16, 2007

भालू के हमले में सास-बहू गम्भीर रूप से घायल

डीडीहाट(पिथौरागढ़)। जंगल में घास काटने गयी दो महिलाओं को भालू ने हमला कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। दोनों महिलाओं का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है। दोनों घायल महिलाएं आपस में सास-बहू है। भालू की सक्रियता से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार डीडीहाट तहसील के कुकरौली(भांतड़) गांव की पार्वती देवी (50) और उनकी बहू सुनीता देवी शुक्रवार की सुबह आठ बजे के लगभग भूलगांव के नजदीकी जंगल में घास काटने गई थी। इसी दौरान ऊपर से भालू ने दोनों महिलाओं पर हमला कर दिया। भालू ने पार्वती देवी के सिर पर बुरी तरह से काट दिया और सुनीता देवी को दूर पटक दिया। भालू द्वारा हमले की जानकारी सबसे पहले समीप के जंगल में घास काट रही एक अन्य महिला बसंती देवी को हुई। जानकारी मिलते ही बसंती देवी ने हो-हल्ला मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर कुकरौली से दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस दौरान हल्ला सुनकर भालू जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने खून में लथपथ गम्भीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डीडीहाट पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों द्वारा गम्भीर रूप से घायल पार्वती देवी के सिर पर 21 और सुनीता देवी को 12 टांके लगाये। दोनों महिलाओं के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे घाव बने है। बाद में दोनों की गम्भीर स्थिति को देखते हुये जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता लोकेश भड़ ने तहसील प्रशासन और वन विभाग को सूचित कर भालू के आतंक से निजात दिलाये जाने और घायलों को उचित मुआवजा दिये जाने की मांग की है। भालू द्वारा दो महिलाओं को घायल कर दिये जाने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

http://in.jagran.yahoo.com/news/local/uttranchal/4_5_3910305.html

No comments: